ऑपरेशन चक्रव्यूह: 50 करोड़ की एमडी बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी, ईनामी तस्कर गिरफ्तार
प्रतापगढ़ जिले की पीपलखूंट थाना पुलिस, एजीटीएफ जयपुर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमडी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 70 किलो 720 ग्राम लिक्विड केमिकल, 17 किलो 300 ग्राम सफेद पाउडर, उपकरण और एक अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की। बरामद सामग्री और मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम ने मौके से 25 हजार रुपये के ईनामी बदमाश जमशेद उर्फ जम्मु खान पठान निवासी देवल्दी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना पीपलखूंट पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22, 25, 30 में प्रकरण दर्ज किया गया है।
थानाधिकारी पीपलखूंट को गश्त के दौरान सूचना मिली कि टांडा बड़ा सरहद बोरी मोजल स्थित ईश्वर मीणा के मकान पर बनाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झोपड़े को घेराबंदी कर तलाशी ली। वहां से 100 ग्राम तैयार एमडी, 70 किलो 720 ग्राम लिक्विड केमिकल और 17 किलो 300 ग्राम पाउडर मिला। इसके अलावा स्टील के दो बड़े चरू, दही बिलोने की दो मशीनें, एक हीटर, बाल्टियां और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि जब्त केमिकल और पाउडर से एमडी तैयार की जाती है, जिसकी कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये होती।
