एक साल पुरानी चोरी का खुलासा: 6 आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख का माल बरामद

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक वर्ष पूर्व अधिवक्ता के घर हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चोरी का माल खरीदने वाला व्यापारी भी शामिल है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2025 को कटघोरा की पुरानी बस्ती निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों ने घर से करीब 10 तोला सोने के जेवरात, जिनमें रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, चांदी की पायल और नगदी रकम चोरी कर ली थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर जांच में जुटी रही। पहले चरण में पुलिस ने दो आरोपियों—अमित खांडे और गौतम कुमार जांगड़े—को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए चार अन्य आरोपियों सुशील शुक्ला, गणेश दास, अनिल नामदेव और हिमेश सोनी (व्यापारी, चांपा जिला जांजगीर-चांपा) को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि चोरी के जेवरात आरोपी हिमेश सोनी को बेच दिए गए थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र लॉकेट, 2 जोड़ी चांदी की पायल, करीब 3 तोला सोने का बिस्किट, नगदी रकम तथा पहले बरामद रानी हार सेट, झुमका और सोने की चेन सहित कुल लगभग 8 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।

कटघोरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना रहे।

Related Post