भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जिले के महाविद्यालयों में भाषण, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
प्रतापगढ़, 4 नवम्बर। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिले के महाविद्यालयों में विविध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजकीय कन्या महाविद्यालय, प्रतापगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा नोडल प्राचार्य बी.एल. मीणा की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
नोडल प्राचार्य मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय इतिहास के महान क्रांतिकारी नायक थे, /बिरसा मुंडा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं, जिनसे हमें अन्याय और शोषण के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा मिलती है। महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. संजीवन ने बिरसा मुंडा का प्रकृति प्रेम एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम अधिकारी ममता कुंवर राठौड़ एवं अंजू मील के निर्देशन में स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज एवं नेताओं की भूमिका विषय पर भाषण, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में वर्षा धोबी ने प्रथम तथा श्यामा मीणा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में तमन्ना मीणा प्रथम एवं निकिता शर्मा द्वितीय रहीं, वहीं निबंध प्रतियोगिता में अंगूरबाला मीणा ने प्रथम एवं तमन्ना मीणा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा बिरसा मुंडा के जीवन एवं योगदान पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई गई,। इसी क्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, प्रतापगढ़ में भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
