रक्षाबंधन पर्व पर मुरारीपारा बड़ेबेंदरी में कब–बुलबुल टीम ने मनाया विशेष आयोजन, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कोंडागांव, 09 अगस्त 2025 — भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ कोंडागांव से संबंध शासकीय प्राथमिक शाला मुरारीपारा बड़ेबेंदरी में रक्षाबंधन पर्व इस वर्ष विशेष रूप से मनाया गया। यह आयोजन जिला संरक्षक एवं कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान के निर्देशानुसार, तथा जिला संगठन आयुक्त भीषभ देव साहू के मार्गदर्शन में एवं कब–मास्टर पवन कुमार साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

 

पर्व के दौरान बुलबुल बालिकाओं ने अपने छोटे कब भाइयों और शिक्षकों को तिलक लगाकर, आरती उतारते हुए राखी बाँधी और भाई–बहन के प्रेम का प्रतीक यह पर्व आत्मीयता से मनाया। बदले में कब भाइयों ने अपनी बहनों की रक्षा का वचन दिया।

 

इस अवसर को विशेष बनाते हुए बुलबुल छात्राओं ने एक विशाल रक्षा सूत्र का निर्माण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस रक्षा सूत्र को विद्यालय परिसर में स्थित चंपा वृक्ष पर बांधकर उन्होंने वृक्षों की रक्षा का संकल्प लिया और आम नागरिकों को पेड़ लगाने और उन्हें संरक्षित करने हेतु प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम के दौरान एडवांस कब–मास्टर एवं जिला मीडिया प्रभारी पवन कुमार साहू ने रक्षाबंधन पर्व की पौराणिक कथा बताते हुए कहा कि सबसे पहले माता लक्ष्मी ने राजा बलि को राखी बांधी थी, जब उन्होंने स्वयं को उनका भाई स्वीकार किया। यह भाई–बहन के पवित्र रिश्ते की शुरुआत थी, जिसे आज भी हम रक्षाबंधन के रूप में मनाते हैं।

 

इस आयोजन ने न केवल बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ा, बल्कि उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का बोध भी कराया।

Related Post