छुरिया में अंबेडकर जयंती जुलूस का मुस्लिम समुदाय ने किया भव्य स्वागत, पेश की भाईचारे की मिसाल

 

छुरिया। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर छुरिया नगर में निकाली गई भव्य जुलूस का मुस्लिम समुदाय द्वारा अभूतपूर्व स्वागत किया गया। इस दौरान लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश दिया।

जुलूस जैसे ही नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थल पर पहुंचा, मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ रैली में शामिल लोगों का स्वागत किया। जगह-जगह स्टॉल लगाकर शरबत, ठंडा पानी और मिष्ठान का वितरण किया गया, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिली।

कार्यक्रम के दौरान जमात के पदाधिकारियों ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, समानता और न्याय का प्रतीक है। उनके द्वारा निर्मित संविधान आज देश के हर नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है और उनके विचार समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। अंबेडकर जयंती पर किया गया यह स्वागत विभिन्न समुदायों के बीच एकता और अखंडता का सशक्त संदेश देता है।

रैली में शामिल लोगों ने मुस्लिम समुदाय का आभार व्यक्त करते हुए इसे सामाजिक समरसता की उत्कृष्ट मिसाल बताया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

Related Post