रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की CIB बिलासपुर एवं टास्क टीम बिलासपुर ने स्थानीय थाना तोरवा पुलिस के साथ मिलकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। संयुक्त अभियान में मोबाइल की लूटपाट करने वाले गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया है। पकड़े गए आरोपियों से 7 चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹1,20,000 बताई जा रही है।
यह कार्रवाई उस समय संभव हुई जब 24 सितम्बर को बिलासपुर पूर्वी यार्ड क्षेत्र में हावड़ा से रायपुर जा रहे एक यात्री मेहदी हसन (निवासी मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल) ने शिकायत दर्ज कराई। यात्री ने बताया कि बिलासपुर स्टेशन से पहले हेमूनगर ओवर ब्रिज के पास कुछ बदमाशों ने उस पर हमला कर मोबाइल छीन लिया। सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी–
1. प्रवीण यादव उर्फ नानचा, सिरगिट्टी, बिलासपुर
2. अंकुश ललपुरे, हेमूनगर, बिलासपुर
3. अखिलेश दास मानिकपुरी, सिरगिट्टी, बिलासपुर
4. नीतेश यादव, शंकर नगर, तोरवा, बिलासपुर
फरार आरोपी–
राहुल ठाकुर, हेमूनगर, तोरवा, बिलासपुर
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से इस क्षेत्र में मोबाइल छिनतई की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। इनमें से प्रवीण यादव और राहुल ठाकुर पर पहले भी छिनतई के मामले दर्ज हैं।
