कोंडागांव, 15 अप्रैल 2026 | कोंडागांव जिले के थाना अनंतपुर क्षेत्र से लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने तमिलनाडु के तिरूपपुर जिले से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। इस सफलता से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिंजोली निवासी गनपत नाग ने 29 जनवरी 2026 को थाना अनंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री 8 अगस्त 2025 को मक्का बाड़ी में काम पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। मामले में गुम इंसान क्रमांक 02/2025 एवं अपराध क्रमांक 04/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत बालिका की खोजबीन तेज की गई। पुलिस अधीक्षक कोंडागांव के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना अनंतपुर की टीम लगातार प्रयासरत रही।
जांच के दौरान कॉल डिटेल के आधार पर बालिका की लोकेशन तमिलनाडु के तिरूपपुर जिले में मिली। इसके बाद थाना अनंतपुर से उप निरीक्षक रामरतन मरकाम के नेतृत्व में टीम को तिरूपपुर रवाना किया गया। वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से 12 अप्रैल 2026 को विवेकानंद नगर स्थित एक महिला हॉस्टल से बालिका को बरामद किया गया।

14 अप्रैल 2026 को बालिका को सुरक्षित वापस लाकर उसके पिता एवं परिजनों के समक्ष सुपुर्द किया गया। बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने अनंतपुर पुलिस की कार्यवाही की सराहना की।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी गोपेन्द्र पटेल, उप निरीक्षक रामरतन मरकाम, आरक्षक भावेश मंडावी, चंदन यादव (सायबर सेल) एवं अंजनी मंडावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
