Anp News Live, Bilaspur सकरी पुलिस को बीट सिस्टम के प्रभावी क्रियान्वयन से बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए पुलिस ने शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश कर 9 अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरियों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी गया सामान बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना सकरी में दर्ज विभिन्न अपराध प्रकरणों की जांच तेज की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित कर बीट आरक्षकों को सक्रिय किया गया।
बीट आरक्षकों द्वारा जुटाई गई सटीक सूचना के आधार पर संदेही अरविंद पटेल (20 वर्ष) निवासी धुरीपारा मंगला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी आशीष रजक (20 वर्ष) एवं तीन विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर क्षेत्र में 9 स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों ने विभिन्न तिथियों में चोरभट्ठी खुर्द, देवरीकला, आशियाना कॉलोनी घुरू, गिरधौना, बंधवापारा, संबलपुरी एवं सिद्धिविनायक कॉलोनी सहित अन्य स्थानों में मकानों और संस्थानों के ताले तोड़कर नगदी एवं कीमती सामान चोरी करना कबूल किया।
पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर चोरी गया समरसीबल पंप, स्पीयर पंप, कॉपर तार, केबल, बिजली वायर, चांदी के आभूषण, टीवी, सिलिंग फैन, स्टील नल, कांसे के बर्तन एवं नगदी राशि बरामद कर जब्त की है। आरोपियों द्वारा चोरी की गई अधिकांश नगदी खर्च किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विजय चौधरी, उप निरीक्षक राजकुमार वस्त्रकार, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत कश्यप, रूपेश तिग्गा, चोलाराम पटेल, रवि कुमार लहरे, आरक्षक अफाक खान, आशीष शर्मा, पवन बंजारे एवं मनोज बघेल की भूमिका सराहनीय रही।
बीट सिस्टम की सटीक रणनीति और पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त होते नजर आ रहे हैं।
