
खैरागढ़। दाऊचौरा स्थित मातेश्वरी मेडिकल के पास गुरुवार को सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक सड़क पर तड़पता रहा। मौके पर मौजूद कुछ लोग घायल की मदद करने के बजाय वीडियो बनाने में व्यस्त रहे और 112 वाहन के आने का इंतजार करते रहे। इसी दौरान कार्यालय से घर लौट रहे युवा पत्रकार मनोहर सेन और उनके साथी गिरीश सारथी की नजर भीड़ पर पड़ी। दोनों तत्काल मौके पर रुके और घायल युवक की हालत देखकर बिना देर किए उसकी मदद के लिए आगे आए।
घायल युवक की पहचान लेखन चंद्रवंशी (25 वर्ष), निवासी कुम्ही के रूप में हुई। दुर्घटना में उसके नाक पर गंभीर चोट आई थी तथा सिर और पैर में भी चोट लगी थी। युवक दर्द से तड़प रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पत्रकार मनोहर सेन और गिरीश सारथी ने 112 का इंतजार करने के बजाय तत्काल घायल युवक को अपनी स्कूटी से अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया। उन्होंने घायल को अस्पताल पहुंचाकर उसका प्राथमिक उपचार शुरू करवाया और चिकित्सकों से तत्काल इलाज कराने में मदद की।
जब लोग बना रहे थे वीडियो, तब पत्रकार ने दिखाई इंसानियत
घटना के दौरान सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि जब घायल युवक सड़क पर मदद के लिए तड़प रहा था, तब कुछ लोग उसकी मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। ऐसे समय में मनोहर सेन और गिरीश सारथी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया।
मनोहर सेन ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए एक-एक मिनट महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में वीडियो बनाने या इंतजार करने के बजाय तत्काल मदद के लिए आगे आना चाहिए। उनकी तत्परता से घायल युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क हादसों के दौरान मानवीय संवेदना और तत्काल मदद की जरूरत को सामने ला दिया है। हादसे के बाद घायल की मदद करना ही सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
