जांजगीर-चांपा, कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में जिले के सभी ग्राम पंचायतों में जनसंवाद 2.0 विकसित भारत ग्राम संकल्प का आयोजन किया गया। ग्राम सभा एवं जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम 2025, रोजगार के अधिकार, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनभागीदारी के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही ग्रामीणों से गांव के विकास की प्राथमिकताएं, सुझाव एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेकर उन्हें पंचायत स्तर की विकास प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया गया।
जनसंवाद 2.0 के दौरान मेरे गांव की प्राथमिकता वोटिंग वॉल के माध्यम से ग्रामीणों ने गांव में आवश्यक विकास कार्यों एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं। वहीं 125 दिन रोजगार-मेरा अधिकार के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार के अधिकार एवं इससे जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। विकसित भारत संदेश कार्ड के जरिए ग्रामीणों ने अपने सुझाव एवं विचार साझा किए। जनता पूछे-पंचायत बताए संवाद मंच के माध्यम से रोजगार, मजदूरी भुगतान, पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों, शिकायत निवारण तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों के सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इस पहल से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं अधिकारों की जानकारी मिलने के साथ-साथ गांव के विकास से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखने का सहभागी मंच मिला।
जनपद पंचायत बलौदा की ग्राम पंचायत मड़वा में सहायक प्रचार प्रसार अधिकारी देवेंद्र कुमार यादव, सरपंच अजय कुमार सोनवानी, सचिव ओमप्रकाश राठौर एवं रोजगार सहायक सुश्री निशा कंवर ने ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों एवं रोजगार अधिकारों की जानकारी दी। इसी प्रकार जनपद पंचायत नवागढ़ की ग्राम पंचायत अमोरा एवं पचेड़ा में कार्यक्रम अधिकारी सुश्री धरमिन सिगरोल एवं तकनीकी सहायक अब्दुल कामिल सिद्दीकी की उपस्थिति में जनसंवाद आयोजित किया गया। जनपद पंचायत अकलतरा की ग्राम पंचायत तरोद में कार्यक्रम अधिकारी एल.पी. राठौर तथा जनपद पंचायत बम्हनीडीह की ग्राम पंचायत परसापाली में भी जनसंवाद के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, हितग्राही, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

जनसंवाद 2.0 के माध्यम से ग्रामीणों ने सड़क, पानी, रोजगार, मूलभूत सुविधाओं सहित गांव की जरूरतों एवं विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं को सामने रखा। इससे ग्राम सभा को केवल योजनाओं की जानकारी देने का मंच न बनाकर ग्रामीणों की आवाज, सुझाव और विकास प्राथमिकताओं को नीति एवं कार्ययोजना से जोड़ने वाले सहभागी मंच के रूप में मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मेरा गांव-मेरा संकल्प, विकसित भारत का मजबूत आधार का सामूहिक संदेश दिया। जनसंवाद 2.0 ने ग्रामीणों को अपने गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने तथा जनभागीदारी के माध्यम से विकसित गांव से विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
