छुरिया। ग्राम गैंदाटोला में लगातार सामने आ रही अवैध शराब बिक्री की शिकायतों के बाद सामाजिक कार्यकर्ता अनिस सोनी ने नशे के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए सीधी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि गांव में अवैध शराब का कारोबार युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है और समाज को खोखला बना रहा है, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अनिस सोनी ने साफ शब्दों में कहा कि गैंदाटोला को नशे का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले भी शराब दुकान का खुलकर विरोध किया था और आगे भी शराब एवं नशे के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा, “मैं नशे का कट्टर विरोधी हूं। चाहे सरकार दुकान खोलकर शराब बेचे या गांव में कोई अवैध रूप से शराब बेचकर लोगों की जिंदगी बर्बाद करे, उसका विरोध हर स्तर पर होगा।”
उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि ग्राम गैंदाटोला सीमा में अवैध शराब बिक्री की पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को ₹2500 की सम्मान राशि दी जाएगी, साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अनिस सोनी ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अवैध शराब बेचने वालों की जानकारी आबकारी विभाग और प्रशासन तक पहुंचाकर आबकारी एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि गांव को नशामुक्त बनाने की इस मुहिम में आगे आएं और समाज को बर्बाद करने वालों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाएं।
