कोंडागांव में 22 सितंबर से भव्य रास गरबा महोत्सव, स्टेडियम ग्राउंड बनेगा श्रद्धा और उत्साह का केंद्र

कोंडागांव, 21 सितंबर 2025: शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कोंडागांव जिला मुख्यालय के विकास नगर स्थित स्टेडियम मैदान में इस बार भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। बरसाना रास गरबा समिति की ओर से 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भव्य रास गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

Uploaded Image

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 22 सितंबर को सुबह 10 बजे नगरवासियों और समिति सदस्यों की उपस्थिति में माता रानी की प्रतिमा स्थापना होगी। इसके साथ ही शाम 7 बजे से गरबा उत्सव की विधिवत शुरुआत की जाएगी। नवरात्रि की पंचमी से प्रतिदिन शाम 7 बजे से महाप्रसाद वितरण का भी आयोजन होगा। समिति ने जिलेवासियों से सहपरिवार उपस्थित रहकर रास गरबा और महाप्रसाद का लाभ लेने की अपील की है।

Uploaded Image

स्टेडियम मैदान को इस मौके पर विशेष रूप से सजाया गया है। दूधिया रोशनी, आधुनिक साउंड सिस्टम और पारंपरिक गीतों-भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु गरबा नृत्य का आनंद उठा सकेंगे। आयोजन समिति ने बताया कि इस गरबा महोत्सव में केवल महिलाओं और लड़कियों का प्रवेश अधिकृत रहेगा, ताकि वे उत्साह और सुरक्षित माहौल में गरबा का आनंद ले सकें।

Uploaded Image

नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन से कोंडागांव में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण बनेगा। शहर के विभिन्न इलाकों में भी अन्य समितियों द्वारा दुर्गा प्रतिमा स्थापना और गरबा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरा जिला देवी आराधना और पारंपरिक संस्कृति की रोशनी में नहाएगा।

 

यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगा, बल्कि कोंडागांव की सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक एकता को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

Related Post