नेवसा में शिव महापुराण कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब, पवन पैकरा ने कहा—एक लोटा जल और बेलपत्र से प्रसन्न होते हैं भोलेनाथ

नेवसा में शिव महापुराण कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब, पवन पैकरा ने कहा—एक लोटा जल और बेलपत्र से प्रसन्न होते हैं भोलेनाथ

जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने श्रद्धालुओं को दिया शिवभक्ति का संदेश, व्यासपीठ पर विराजमान पं. संजीतकृष्ण महाराज जी का लिया आशीर्वाद

आशीष श्रीवास / गौरेला पेंड्रा मरवाही 

नेवसा - सावन मास के पावन अवसर पर जिले में शिवभक्ति और धार्मिक आस्था का वातावरण बना हुआ है। इसी क्रम में जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा अपने जिला पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवसा में आयोजित शिव महापुराण कथा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधिवत भगवान भोलेनाथ का स्मरण कर कथा का श्रवण किया तथा व्यासपीठ पर विराजमान आदरणीय पं. संजीतकृष्ण महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Uploaded Image

शिव महापुराण कथा के आयोजन स्थल पर पहुंचने पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कथा स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से वातावरण भक्तिमय बना हुआ था। पवन पैकरा ने उपस्थित माताओं-बहनों, भाइयों एवं समस्त श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए सावन मास की शुभकामनाएं दीं और भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ की आराधना और आत्मिक शांति प्राप्त करने का पावन अवसर है।

Example Image

उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ को सांसारिक वैभव और दिखावे की आवश्यकता नहीं है। वे तो अपने भक्तों की सच्ची श्रद्धा से ही प्रसन्न हो जाते हैं। भोलेनाथ को न सोना चाहिए, न चांदी चाहिए और न ही किसी बड़े चढ़ावे की आवश्यकता है—एक लोटा जल और बेलपत्र भी यदि सच्ची श्रद्धा और भक्ति के साथ अर्पित किया जाए तो भगवान शिव प्रसन्न हो जाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि सावन के इस पवित्र महीने में भगवान शिव का स्मरण करें, शिवलिंग पर जल अर्पित करें और अपने जीवन में सत्य, सेवा, सद्भाव एवं परोपकार को अपनाएं।

Uploaded Image

पवन पैकरा ने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने, संस्कारों को मजबूत करने और नई पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने का माध्यम भी हैं। शिव महापुराण कथा के माध्यम से भगवान शिव के आदर्शों, त्याग, करुणा, सत्य और लोककल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से गांव में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को एक-दूसरे के साथ मिलकर धर्म, संस्कृति और समाजहित के कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कथा आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि नेवसा ग्राम में शिव महापुराण कथा का आयोजन समस्त ग्रामवासियों के लिए सौभाग्य का विषय है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा सुनने और उनके जीवन संदेशों को आत्मसात करने का अवसर मिल रहा है।

इस अवसर पर पवन पैकरा ने व्यासपीठ पर विराजमान पं. संजीतकृष्ण महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया और कथा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए आयोजक समिति की प्रशंसा की। उन्होंने आयोजन समिति, कथा से जुड़े सभी सेवाभावी कार्यकर्ताओं तथा समस्त ग्रामवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धा, सेवा और सामूहिक सहभागिता से ही ऐसे भव्य धार्मिक आयोजन सफल होते हैं।

उन्होंने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि महादेव की कृपा सभी परिवारों पर बनी रहे और हर घर में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा के शेष आयोजनों में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शिव महापुराण की अमृतमयी कथा का श्रवण करने और भगवान शिव के संदेशों को अपने जीवन में उतारने की अपील की।

शिव महापुराण कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ कथा का श्रवण किया। पूरा आयोजन हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा, जिससे नेवसा का वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया।

Related Post