वीर तेजाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा का आयोजन,आकर्षक झांकी रही विशेष आकर्षण का केंद्र
ग्राम चकुंडा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्रामीणों के आराध्य देव सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा तेजाजी मंदिर से शुभारंभ हुई जिसमें बैंड-बाजों की मधुर धुन पर महिलाएं और युवा उत्साहपूर्वक थिरकते नजर आए।

शोभायात्रा का पहला पड़ाव राम जानकी मंदिर रहा, जिसके बाद यह गांव के प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में ग्रामीणों ने जगह-जगह तेजाजी महाराज की पूजा-अर्चना कर श्रद्धा व्यक्त की। महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे बड़ी संख्या में शोभायात्रा में शामिल रहे।
गांव की गलियों में बैंड-बाजों की गूंज के बीच युवा और महिलाएं नृत्य करते हुए माहौल को उल्लासमय बना रहे थे। इस अवसर पर ग्रामवासियों की मेहनत और लगन से तैयार की गई तेजाजी महाराज की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही और चर्चा का विषय बनी रही।

अंत में शोभायात्रा पुनः वीर तेजाजी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां पर विधिवत आरती कर प्रसादी वितरण किया गया। कार्यक्रम में वीर तेजाजी समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
