राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अरनोद ने कबड्डी प्रतियोगिता में मारी बाज़ी, अब स्टेट लेवल पर दिखाएंगे दम
अरनोद। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अरनोद के छात्रों ने 17 वर्षीय कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर सबको प्रभावित किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में अरनोद की टीम ने चंदेरा को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
फाइनल मैच के दौरान खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाते हुए पूरे मैदान में तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी। निर्णायक क्षणों में अरनोद की टीम ने बेहतरीन तालमेल और रणनीति का परिचय देते हुए चंदेरा को पछाड़ दिया।
जीत की इस खुशी में विद्यालय के अध्यापकों और छात्रों ने विजेता खिलाड़ियों का फूल मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद डीजे की धुनों पर शानदार विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। जुलूस के दौरान खिलाड़ियों का जगह-जगह पुष्पवर्षा से अभिनंदन किया गया।
इस उपलब्धि के साथ ही अरनोद विद्यालय की कबड्डी टीम अब स्टेट लेवल प्रतियोगिता में अपना प्रदर्शन करेगी। खिलाड़ियों और अध्यापकों ने विश्वास जताया कि जिला स्तर पर मिली यह जीत राज्य स्तर पर भी दोहराई जाएगी।
विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने टीम को शुभकामनाएँ दीं और उम्मीद जताई कि छात्र राज्य स्तरीय मुकाबले में भी अरनोद का नाम रोशन करेंगे।
