बढ़ती लागत के चलते कोंडागांव में दुग्ध उत्पादकों ने गठित की ‘राधा श्याम दुग्ध उत्पादन समिति’, दूध की कीमत 70 रुपये प्रति लीटर तय

कोण्डागांव, 28 मई 2026 | चारे, भूसे, दवाइयों और मजदूरी सहित पशुपालन की बढ़ती लागत को देखते हुए कोण्डागांव के दुग्ध उत्पादकों ने एकजुट होकर ‘राधा श्याम दुग्ध उत्पादन समिति’ का गठन किया है। इस संबंध में आज गुरुवार को स्थानीय राधा कृष्ण मंदिर में आयोजित बैठक में पशुपालकों ने बढ़ते खर्चों पर गंभीर चिंता जताई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

Uploaded Image

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब से कोण्डागांव क्षेत्र में दूध का विक्रय मूल्य 70 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया जाएगा। पशुपालकों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में पशुपालन अब पहले की तुलना में काफी महंगा हो गया है, जिसके चलते यह निर्णय आवश्यक हो गया।

 

इस दौरान समिति का गठन करते हुए पदाधिकारियों का चयन भी किया गया। राकेश दास मानिकपुरी को कार्यकारी अध्यक्ष, तीरथ दीवान को उपाध्यक्ष तथा मोहित पांडे को सचिव के रूप में सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया।

Uploaded Image

समिति ने यह भी निर्णय लिया कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को नियमित बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी पशुपालकों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। साथ ही शहर में दूध में मिलावट की रोकथाम के लिए सख्त निगरानी एवं कार्रवाई करने पर सहमति बनी।

 

पशुपालकों ने यह भी चिंता जताई कि सरकारी पशुपालन योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर वास्तविक हितग्राहियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसके अलावा पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण और हरे-सूखे चारे की समुचित व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

 

इस बैठक में उपेंद्र यादव, योगेश देवांगन, जगदेव मरकाम, नरेंद्र नेताम, राकेश दास मानिकपुरी, नरेंद्र देवांगन, विजय नेताम, बलराम देवांगन, तीरथ दीवान, खेमेश्वर देवांगन, जितेंद्र चक्रधारी, लच्छन दीवान, सतेन्द्र नेताम, लक्षित नेताम, सत्यानंद यादव, दानु देवांगन, मोहित पांडे, सुकालुदास मानिकपुरी और बिहड़ सिंह सहित बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।

Related Post