Anp News Live Korba बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जिला प्रशासन कोरबा ने जनजागरूकता और सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों से बाल विवाह की रोकथाम के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा है कि बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है।
कलेक्टर ने अपने संदेश में कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि कानूनी अपराध भी है। यह बच्चों के शारीरिक, मानसिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास पर गंभीर असर डालता है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों के अधिकार प्रभावित होते हैं और उनके बेहतर भविष्य के लिए उपलब्ध अवसर भी सीमित हो सकते हैं। इसलिए बाल विवाह को रोकने के लिए परिवार, समाज और प्रशासन को मिलकर प्रयास करना आवश्यक है।
बाल विवाह की रोकथाम और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान संचालित किया जा रहा है। इन अभियानों के तहत लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों और इस सामाजिक कुरीति के खिलाफ कानून की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 27 नवंबर 2026 को कोरबा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने, सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करने और बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। इसके अलावा विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों से इन कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से बाल विवाह न करने, इसके आयोजन का विरोध करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम तभी प्रभावी हो सकती है, जब समाज का हर व्यक्ति इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी समझे और इस कुरीति के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाए। जिलेवासियों से बाल विवाह मुक्त कोरबा बनाने के लिए संकल्प लेने का आह्वान करते हुए उन्होंने बच्चों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों को जरूरी बताया।
