एक सड़क की मंजूरी से जनता संतुष्ट नहीं होगी, मुख्यमंत्री अपनी सभी घोषणाओं का हिसाब दें
राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता चुम्मन साहू ने कहा कि गुंडरदेही-उमरवाही-गोड़लवाही-मटिया करमरी मार्ग के लिए 34.67 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिलना स्वागतयोग्य है, लेकिन इसे सरकार की बड़ी उपलब्धि बताकर बाकी सवालों से बचा नहीं जा सकता। क्षेत्र की जनता की मांग केवल सड़क तक सीमित नहीं है। गोड़लवाही क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना, पुलिस थाना, महाविद्यालयों की बुनियादी सुविधाएं, अटल समरसता भवन सहित अनेक विकास कार्यों की मांग लंबे समय से उठती रही है।
चुम्मन साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 26 दिसंबर 2025 को गोड़लवाही में कई घोषणाएं की थीं। करीब 11 महीने बाद एक सड़क को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि मेरे द्वारा लगातार समाचार पत्रों के माध्यम से इन घोषणाओं और क्षेत्र की समस्याओं को शासन-प्रशासन के संज्ञान में लाया गया। बार-बार खबरों के माध्यम से मुद्दा उठाने के बाद अब जाकर सड़क के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। यह जनता की आवाज उठाने का परिणाम है, लेकिन अभी वास्तविक निर्माण कार्य शुरू होना बाकी है।
उन्होंने कहा कि अन्य घोषणाओं पर अब भी स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है। केवल एक मांग पूरी करने की दिशा में कदम उठाकर सरकार यह न समझे कि क्षेत्र की जनता संतुष्ट हो जाएगी। जनता को भाषण और आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर विकास चाहिए। सरकार एक सड़क की स्वीकृति को अपनी उपलब्धि बताकर बाकी अधूरी घोषणाओं पर पर्दा नहीं डाल सकती।
चुम्मन साहू ने कहा कि सड़क की प्रशासनिक स्वीकृति और वास्तविक निर्माण कार्य शुरू होने में अंतर है। अभी तकनीकी स्वीकृति, निविदा और अन्य प्रक्रियाएं बाकी हैं। सरकार स्पष्ट करे कि निर्माण कार्य कब शुरू होगा और कब तक पूरा किया जाएगा।
उन्होंने भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें विकास के लिए चुना है। उन्हें मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर अमल कराने के लिए आवाज उठानी चाहिए, न कि चुप्पी साधकर बैठना चाहिए। कांग्रेस जनता के हक और क्षेत्र के विकास के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। एक सड़क की स्वीकृति से न तो सभी समस्याएं खत्म हुई हैं और न ही सरकार की जवाबदेही समाप्त हुई है। मुख्यमंत्री अपनी सभी घोषणाओं का हिसाब जनता के सामने रखें।
