महिला थाना में अपराध दर्ज, पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
रायगढ़। शहर के दरोगापारा क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में महिला थाना एवं सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लफ्फू उर्फ विजय सारथी (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, दरोगापारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में नाबालिग बालिका के साथ आपत्तिजनक घटना होने की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
बाद में 11 जुलाई को पीड़िता की मां ने महिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया।
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है। नाबालिग पीड़िता की पहचान कानून के अनुसार गोपनीय रखी गई है।
