कोपाबेड़ा मत्स्य बीज प्रक्षेत्र और शासकीय उद्यान रोपणी का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

कोण्डागांव, 19 अगस्त 2026। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने बुधवार को कोपाबेड़ा स्थित मत्स्य बीज प्रक्षेत्र एवं शासकीय उद्यान रोपणी का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों संस्थानों में संचालित गतिविधियों, उत्पादन व्यवस्था और विकास कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Uploaded Image

मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में कलेक्टर ने हैचरी का निरीक्षण कर इंड्यूस्ड ब्रीडिंग, अंडों से मत्स्य बीज उत्पादन, स्पॉन उत्पादन, नर्सरी प्रबंधन और मत्स्य बीज संवर्धन की प्रक्रिया देखी। उन्होंने मेजर कार्प एवं देशी मांगुर के मत्स्य बीज उत्पादन, उपलब्ध स्टॉक, आगामी उत्पादन लक्ष्य और वितरण की कार्ययोजना की जानकारी ली।

 

कलेक्टर ने वैज्ञानिक पद्धति एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जिले के मत्स्य कृषकों को समय पर स्वस्थ एवं उच्च गुणवत्ता का बीज मिल सके। उन्होंने हैचरी की स्वच्छता, जल गुणवत्ता और ब्रूड मछलियों के उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।

 

इसके बाद उन्होंने मत्स्य पालन तालाबों का निरीक्षण कर जल गुणवत्ता, मछलियों की वृद्धि, आहार प्रबंधन एवं उत्पादन व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने मत्स्य पालकों से संवाद करते हुए आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिक से अधिक मत्स्य पालकों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए।

Uploaded Image

शासकीय उद्यान रोपणी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आम एवं ड्रैगन फ्रूट की उन्नत किस्मों की आधुनिक खेती के फ्रंटलाइन डेमोन्स्ट्रेशन तथा सब्जी वर्गीय फसलों के उच्च गुणवत्ता वाले पौधों की उपलब्धता के लिए विकसित किए जा रहे पॉलीहाउस एवं अन्य संरचनाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।

 

इस अवसर पर सहायक संचालक मत्स्य पालन श्री प्रवेज कुमार, प्रभारी सहायक संचालक उद्यानिकी श्रीमती करूणा कश्यप, रोपणी प्रभारी श्री लोकेश्वर ध्रुव, सहायक मत्स्य अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी पोटाई, मत्स्य जमादार श्री महेश बघेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post