सकरार हाइवे पर शनिवार की रात लगभग ढाई बजे डीसीएम ट्रक और अपेक्स से भरे ट्रैक्टर में जोरदार भिड़ंत हो गई जिसमें चार लोग घायल हो गए। यह हादसा झांसी खजुराहो हाइवे पर हुआ जहां दोनों वाहनों की टक्कर के बाद डीसीएम की केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और टक्कर के बाद ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया जिससे हाइवे पर जैम की स्थिति बन गई और वाहनों की लम्बी कतार लग गई।
हादसा के बाद डीसीएम चालक दिनेश पुत्र रमेशचंद निवासी करेल जिला भिंड और हेल्पर अभिषेक ठाकुर पुत्र कोमल सिंह निवासी धौलपुर ट्रक के केबिन में फंस कर गंभीर घायल हो गए और ट्रैक्टर चालक रोहित पुत्र उद्धव एवं हेल्पर कल्लू पुत्र ठाकुर दास निवासी ग्राम तेंदोल भी गंभीर घायल हो गए
वहीं हादसे के बाद घटना स्थल पर अपनी टीम के साथ पहुंचे थाना प्रभारी अमीराम सिंह ने ट्रक में फंसे दोनों घायलों कड़ी मशक्कत से बाहर निकलवाया और चारों घायलों को हाइवे एंबुलेंस से तुरंत मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से साथ राहत और बचाव कार्य में मदद की। हादसे के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर बहाल किया। घायलों की स्थिति के बारे में अभी तक विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन बताया जा रहा है कि उन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
