Anp News Live, Bilaspur जिले के थाना सकरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लूडो ऐप और आईपीएल क्रिकेट पर सट्टा लगाने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 7 आरोपियों (जिसमें एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल) को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीट सिस्टम से प्राप्त सूचना और एसीसीयू टीम की तकनीकी सहायता के आधार पर 29 अप्रैल 2026 को ओम स्पेस कॉलोनी, सकरी में दबिश दी गई। यहां से एक संगठित अंतर्राज्यीय सट्टा गिरोह का खुलासा हुआ, जो ऑनलाइन माध्यम से लूडो गेम और आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 13 एटीएम कार्ड, 8 पासबुक और एक क्रेटा कार (क्रमांक MP 18 ZB 8565) जब्त की। जांच में सामने आया कि आरोपियों के मोबाइल डेटा के विश्लेषण से 2 करोड़ रुपये से अधिक के सट्टा लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सरगना राहुल छाबड़ा (30) निवासी सरकंडा, बिलासपुर शामिल है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई हो चुकी है। अन्य आरोपियों में ओमप्रकाश नागवानी, आशीष सोमानी, कैलास चावला, विजय नागवानी और दिनेश लालवानी शामिल हैं, जो मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से जुड़े हुए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों की जांच कर अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई को ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
