कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध अंग्रेजी शराब तस्करी का पर्दाफाश, मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

कोण्डागांव, 14 अगस्त 2025: जिले में अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कोण्डागांव पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक स्कार्पियो वाहन में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब का अवैध परिवहन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त की शाम को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक CG 04 NX 4179) में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब भरकर कमेला की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल थाना कोण्डागांव एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम बड़े कनेरा रोड पर नाकेबंदी की।

 

नाकेबंदी के दौरान वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की और वाहन को तेजी से भगाया। इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने तत्काल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और पूछताछ में उसने अपना नाम शुभम सरकार पिता रूप कुमार सरकार (उम्र 30 वर्ष, निवासी डीएनके कॉलोनी, कोण्डागांव) बताया।

 

स्कार्पियो वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 750 नग पौवा (135 बल्क लीटर) मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब गोवा ब्रांड पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹97,500 है। इसके अलावा वाहन की कीमत ₹10 लाख तथा आरोपी के पास से मिला मोटोरोला मोबाइल फोन जिसकी कीमत ₹15,000 आंकी गई, को भी जब्त किया गया। कुल जप्ती का मूल्य लगभग ₹11,12,500 आँका गया है।

 

इस संबंध में थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 279/2025 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

इस सफल कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी रूपेश कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।

 

कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक गुलाब सिंह टण्डन, प्रआर अजय बघेल, ऋतुराज सिंह, आरक्षक राजेश मनहर, चंदन यादव, अजय देवांगन, बिरजू सोरी, परमेश्वर साहू सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post