Anp News Live, Korba “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने इनके कब्जे से करीब 1.05 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, 01 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि राताखार बाईपास क्षेत्र में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 533 ग्राम और 524 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कुल मात्रा 1057 ग्राम (लगभग 1.05 किलोग्राम) है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में रविशंकर राजपूत (25 वर्ष), निवासी कचनारीपारा, कोरबा और रवि वर्मा (32 वर्ष), निवासी एमपी नगर, राताखार शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
