कोंडागांव, 15 अप्रैल 2026 | जिला मुख्यालय स्थित फॉरेस्ट ऑक्शन हॉल में बाबा साहेब सेवा संस्था द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब एवं ई. वी. रामास्वामी पेरियार के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर सामाजिक न्याय के महान योद्धा, संविधान के शिल्पकार और समानता के अग्रदूत थे। उनका पूरा जीवन शिक्षा, अधिकार और समतामूलक समाज की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी एक न्यायपूर्ण और सशक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर संस्था द्वारा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें गुण्डाधुर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में कुल 12 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
प्रथम स्थान: द्रोणा प्रसाद (₹2000 एवं संविधान की पुस्तक)
द्वितीय स्थान: सतवंती नेताम (₹1000 एवं संविधान की पुस्तक)
तृतीय स्थान: दीपक दास मानिकपुरी एवं जयप्रकाश कुंजाम (₹500-₹500 एवं संविधान की पुस्तक)
विशेष पुरस्कार: तथ्यशील चौरे (₹1000 एवं संविधान की पुस्तक)
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों को संविधान की पुस्तक भेंट स्वरूप प्रदान की गई।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. किरण निरूटी, शशि भूषण कन्नौजे, डॉ. सुरेंद्र कुमार नाग, डॉ. मनोहरन सिंह नेताम, विजय प्रताप सिंह, राधे कृष्णा बंजारे, मोहम्मद यासीन, सतवीर सिंह गिल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संरक्षक एवं नेशनल अवॉर्ड विजेता पंचू सागर ने की।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष भुवनलाल मार्कंडेय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
