Anp News live Bilaspur तोरवा पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने कॉलेज परिसर से कॉपर वायर और ट्रांसफार्मर ऑयल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत का चोरी गया कॉपर वायर बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को चौकसे कॉलेज के स्टाफ विकास चंद्रा ने थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि कॉलेज परिसर में आपातकालीन विद्युत आपूर्ति के लिए रखे ट्रांसफार्मर ऑयल और कॉपर वायर की चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के निर्देशन में तोरवा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच के दौरान मस्तुरी क्षेत्र के तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण मनहर उर्फ राजा (36), लाला उर्फ भगत केंवट (28) और यशवंत धीरज उर्फ राजा (26) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बिलासपुर जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया कॉपर वायर बरामद कर जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों को 3 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
