छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस राज्य चेयरमैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित...

 

जांजगीर-चांपा, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य चेयरमैन तोमन साहू की अध्यक्षता में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा जांजगीर-चांपा की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में रेडक्रॉस वाइस चेयरमैन श्री बालाराम साहू, सदस्य राज्य प्रबंधन समिति गिरीश कुर्रे, कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला प्रबंधक समिति जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विनय कुमार, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिता श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री उत्कर्ष तिवारी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.एल. जागृति सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने जेआरसी एवं वाईआरसी की गतिविधियों में तेजी लाने तथा रेडक्रॉस की सदस्यता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी एवं एड्स कार्यक्रमों के अंतर्गत कार्ययोजना तैयार कर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने तथा सिकलसेल एवं नशा उन्मूलन के लिए पंचायतों के सहयोग से जनजागरूकता अभियान संचालित करने कहा। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रेडक्रॉस के समन्वय से अधिक से अधिक जनोपयोगी गतिविधियां आयोजित करने तथा 2 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले स्वैच्छिक रक्तदान एवं अंगदान संकल्प शिविर और जागरूकता अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने कहा।


बैठक में माननीय राज्यपाल एवं पदेन अध्यक्ष, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के निर्देशानुसार जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं जनोपयोगी बनाने पर चर्चा की गई। राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने सभी विभागों के समन्वय से जनभागीदारी बढ़ाते हुए सदस्यता विस्तार एवं लोककल्याणकारी गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने जेआरसी एवं वाईआरसी की गतिविधियों में सक्रियता बढ़ाने, रेडक्रॉस की सदस्यता के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने, जिला कार्यालय की व्यवस्था, सुरक्षा मित्रों के गठन तथा जिला अंगदान समिति के गठन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने कहा। साथ ही रेडक्रॉस सोसायटी की नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।


कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जिले में रेडक्रॉस सोसायटी की सदस्यता बढ़ाने, जिला कार्यालय की व्यवस्था, रक्तदान एवं अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक एवं प्रोत्साहित करने तथा रेडक्रॉस की गतिविधियों के नियमित एवं सक्रिय संचालन के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान जिले में टीबी कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हांकित हितग्राहियों को निक्षय पोषण किट का वितरण किया गया। साथ ही अंगदान का संकल्प लेने वाले नागरिकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

एचआईवी/एड्स जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य चेयरमैन तोमन साहू, वाइस चेयरमैन बालाराम साहू, सदस्य राज्य प्रबंधन समिति गिरीश कुर्रे, कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत प्रचार वाहन एवं कला जत्था को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रथ एवं कला जत्था के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर एचआईवी/एड्स से बचाव, सावधानियों एवं जागरूकता संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

Related Post