ANP News आरपीएफ का बड़ा अभियान: 2,292 मामलों में कार्रवाई, 15.35 लाख रुपये जुर्माना वसूला

Anp News live Bilaspur रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर द्वारा "ऑपरेशन समय पालन" एवं "ऑपरेशन महिला सुरक्षा" के तहत विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। 30 जून 2026 तक अभियान के दौरान बिना उचित कारण अलार्म चेन पुलिंग करने वाले यात्रियों सहित विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की गई है।

2,292 मामलों में कार्रवाई, 15.35 लाख रुपये जुर्माना

आरपीएफ द्वारा वर्ष 2026 में अब तक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) के 2,292 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 2,201 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा उनसे 15 लाख 35 हजार 140 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।

आरपीएफ ने बताया कि बिना उचित और पर्याप्त कारण के ट्रेन की चेन पुलिंग करना रेलवे अधिनियम की धारा 141 के तहत दंडनीय अपराध है, जिसमें एक वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। यात्रियों को जागरूक करने के लिए रेलवे स्टेशनों पर लाउड हेलर, पीए सिस्टम, नुक्कड़ नाटक और अन्य माध्यमों से लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

महिला कोच में सफर करने वालों पर भी सख्ती

ऑपरेशन महिला सुरक्षा के तहत महिला कोच में अनाधिकृत रूप से यात्रा करने वाले 4,028 पुरुष यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। आरपीएफ का कहना है कि महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

दिव्यांग कोच में अनधिकृत प्रवेश पर कार्रवाई

इसके अलावा दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वाले 2,717 सामान्य यात्रियों के खिलाफ भी रेलवे सुरक्षा बल ने नियमानुसार कार्रवाई की है।

आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे नियमों का पालन करें, बिना कारण चेन पुलिंग न करें और आरक्षित कोचों में अनधिकृत रूप से यात्रा करने से बचें, ताकि रेल संचालन सुरक्षित और समयबद्ध बना रहे।

 

Related Post