Anp News कोरबा के किसानों को मिलेगा ग्लोबल बाजार, निर्यात प्रशिक्षण से खुलेंगे नए रास्ते

Anp News live Korba जिले के किसान उत्पादक संगठनों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन कोरबा और एग्रीकल्चरल एंड प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी (APEDA) रायपुर द्वारा एक दिवसीय “एक्सपोर्ट सेंसेटाइजेशन एवं कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम” का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम करतला विकासखंड के ग्राम नावापारा स्थित महामाया बहुउद्देशीय सहकारी समिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात से जुड़ी प्रक्रियाओं, गुणवत्ता मानकों और अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के प्रति जागरूक करना था। प्रशिक्षण में किसानों को बताया गया कि निर्यात के लिए न्यूनतम 26 मीट्रिक टन यानी एक कंटेनर उत्पाद की आवश्यकता होती है। साथ ही विभिन्न उत्पादों के लिए अलग-अलग निर्यात परिषदों की भूमिका और निर्यात में आने वाली चुनौतियों की जानकारी भी दी गई।

 

अब विदेशों में चमकेगा कोरबा का उत्पाद, किसानों को मिला अंतरराष्ट्रीय बाजार का ज्ञान

 

 

एपीईडीए के प्रतिनिधि अशोक कुमार ने किसानों को बताया कि छत्तीसगढ़ के कई कृषि उत्पादों की विदेशों में अच्छी मांग है और सही गुणवत्ता, पैकेजिंग तथा मानकों का पालन कर किसान बेहतर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी समझाया कि किन कारणों से कई उत्पाद निर्यात के लिए निरस्त हो जाते हैं और उनसे कैसे बचा जा सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को एपीईडीए के “किसान कनेक्ट पोर्टल” पर निशुल्क पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने निर्यात नीति, पैकेजिंग, विपणन रणनीति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

जिला प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे और कोरबा जिले के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में मदद करेंगे।

कार्यक्रम में एपीईडीए रायपुर के बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर दिनेश कुमार, कृषि विकास अधिकारी के.के. कुशवाहा, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी निर्मल एक्का, उद्यान विभाग के अधिकारियों सहित कई किसान उत्पादक संगठनों के प्रतिनिधि और सदस्य उपस्थित रहे।

Related Post