कोण्डागांव, 17 सितंबर 2025: कोण्डागांव जिले के समस्त ब्लॉकों में अंदकुरी गांडा समाज द्वारा पारंपरिक उत्सव नवा खाई सगा जोहार भेंट कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेजते हुए यह कार्यक्रम पूरे जिले में एकरूपता के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांव की आराध्य देवी माता मावली, जिम्मेदारी, बुढ़ादेव, डूमा और डायना की अगवानी व विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। समाज के प्रमुख – नाईक, पाइप, सगा और सियान की उपस्थिति में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सेवा पूजा संपन्न की गई।

इसके उपरांत समाज के सभी लोग आपस में आत्मीयता के साथ गले मिलते हुए, कुढ़ाई पान में बनी नव चावल की चिवड़ा, जो समाज की बेटियों एवं बहनों द्वारा तैयार की गई थी, को एक-दूसरे के मस्तक पर टिका कर शुभकामनाएं प्रकट की। पारंपरिक वाद्य यंत्र मोहरी की मधुर ध्वनि के बीच यह आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

इस ब्लॉक स्तरीय आयोजन में प्रदेश, जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर के सभी पदाधिकारीगण – वरिष्ठ, युवा, महिला एवं कर्मचारी प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और उनकी कार्यकारिणी के सदस्यगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने समाज की इस सांस्कृतिक एकता और परंपरा को सराहा एवं समाज के भविष्य को लेकर सकारात्मक संवाद साझा किया।

नवा खाई सगा जोहार भेंट न केवल एक पर्व है, बल्कि यह समाज की सामूहिकता, सांस्कृतिक चेतना और आपसी भाईचारे का प्रतीक भी है।
