कोंडागांव, 25 अगस्त 2026। जिले में PM राहत योजना का क्रियान्वयन मार्च 2026 से शुरू किया गया है। योजना के तहत अब तक जिले के 29 मरीजों को उपचार का लाभ मिल चुका है। इन मरीजों के उपचार पर अब तक ₹62,150 तक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
इसी क्रम में पुलिस लाइन कोंडागांव में ग्राम सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों के लिए प्राथमिक उपचार, साइबर जागरूकता एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवों से करीब 100 सक्रिय सदस्यों ने भाग लिया।

जिला चिकित्सालय के मेडिकल ऑफिसर डॉ. कृष्ण कुमार सिंह ने सड़क दुर्घटना के दौरान घायलों को प्राथमिक उपचार, CPR, घाव की पट्टी एवं आपातकालीन सहायता के संबंध में प्रशिक्षण दिया। वहीं साइबर सेल के डीएसपी सिद्धार्थ बघेल ने फर्जी लिंक, UPI फ्रॉड, OTP ठगी और सोशल मीडिया अपराधों से बचाव की जानकारी देते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में बताया।

जिला रोल आउट मैनेजर श्रीमती त्रिदर्शी मड़ामें ने PM राहत योजना एवं राहवीर योजना की जानकारी देते हुए दुर्घटना की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। प्रशिक्षण का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता, जीवन रक्षा और आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना रहा।
