162 किलो 690 ग्राम डोडाचूरा जब्त, टाटा हैरियर कार व बाइक भी जब्त
छोटीसादड़ी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 162 किलो 690 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त टाटा हैरियर कार और मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्तशुदा डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। छोटीसादड़ी सीआई प्रवीण टांक ने बताया कि पुलिस टीम नाराणी चौकी से महुडिया जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंची। वहां एक काली टाटा हैरियर कार और पास में खड़ी मोटरसाइकिल संदिग्ध लगी। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम भैरूलाल पुत्र मोहनलाल मीणा निवासी अंबावली थाना धोलापानी, जिला प्रतापगढ़ बताया।
पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली तो उसमें आठ कट्टों और बोरों में कुल 162 किलो 690 ग्राम अवैध डोडाचूरा मिला। मौके पर आरोपी भैरूलाल को गिरफ्तार कर कार व मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई। छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
