रामनगर में बंद नालियों को चालू करवाने हेतु ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
अरनोद। ग्राम पंचायत चूपना के अंतर्गत आने वाले ग्राम रामनगर के ग्रामीणों ने विकास अधिकारी राकेश निनामा को ज्ञापन सौंपकर ग्राम में बंद नालियों को पुनः चालू करवाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम रामनगर में खरखड़ा रास्ते पर मकानों के आगे पंचायत द्वारा नालियां बनाई गई थीं। किंतु कुछ लोगों द्वारा उन नालियों को बंद कर दिया गया है। इसके चलते मकानों का गंदा व बरसाती पानी नालियों से बहने के बजाय सीधे बाजार में फैल रहा है, जिससे गंदगी व मच्छरों की समस्या बढ़ गई है और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस कारण आए दिन झगड़े की स्थिति बनती है और राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी होती है। ज्ञापन में समस्त ग्रामवासियों ने मांग की कि बंद नालियों को शीघ्र चालू करवाया जाए, ताकि गंदगी और विवादों से निजात मिल सके।
