ग्राम विकास समिति गैंदाटोला ने मेधावी आदिवासी छात्रा का किया सम्मान, प्रोत्साहन राशि देकर बढ़ाया हौसला

 

10वीं बोर्ड में 93.17% अंक, गणित में 99 अंक हासिल कर गांव और समाज का नाम किया रोशन

छुरिया। कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गांव और आदिवासी समाज का नाम रोशन करने वाली ग्राम गैंदाटोला की मेधावी छात्रा गीतांजली चंद्रवंशी का ग्राम विकास समिति गैंदाटोला द्वारा सम्मान किया गया। समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने छात्रा के निवास पहुंचकर गुलाल अभिषेक, पुष्प गुच्छ भेंट, हार-माला पहनाकर सम्मानित किया तथा प्रोत्साहन स्वरूप आर्थिक सहयोग राशि प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गैंदाटोला में अध्ययनरत छात्रा गीतांजली चंद्रवंशी ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में 93.17 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, वहीं गणित विषय में 99 अंक हासिल कर शानदार सफलता दर्ज की। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश में रहकर मिली इस उपलब्धि से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। छात्रा की सफलता को गांव और समाज के लिए गौरव का क्षण बताया जा रहा है।

इस अवसर पर ग्राम विकास समिति गैंदाटोला के पदाधिकारियों ने छात्रा का सम्मान करते हुए कहा कि “आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। गीतांजली की सफलता माता-पिता, गुरुजनों के मार्गदर्शन और उसके अथक परिश्रम का परिणाम है। बेटियां ही देश और समाज का भविष्य हैं। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।”

 

गैंदाटोला में कॉलेज की मांग उठी

 मेधावी छात्रा के सम्मान कार्यक्रम के दौरान ग्राम विकास समिति गैंदाटोला ने क्षेत्र में उच्च शिक्षा की आवश्यकता को लेकर गैंदाटोला में कॉलेज खोलने की मांग उठाई। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज जाना पड़ता है, जिससे कई बार पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसे में गैंदाटोला में कॉलेज की स्थापना होने से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

इस दौरान समिति अध्यक्ष महेश गुप्ता, सरपंच उषा कमलनारायण गुप्ता, आदिवासी कंवर समाज अध्यक्ष दुष्यंत कंवर, व्यापारी संघ अध्यक्ष ललित साहू, कोषाध्यक्ष धनेश्वर गुप्ता, नरेंद्र मानिकपुरी, भूपेंद्र देवांगन, भूपेंद्र अग्रवाल, थमलेश देवांगन, वशीम कुरैशी, दीपक नेताम, गोविंद योगी, अजय साहू, मनोज कोचे, छोटेलाल निषाद, शिवेंद्र कंवर, केशव कंवर, सोहनलाल निषाद, संजय मानिकपुरी, अविनाश मानिकपुरी (शिक्षक सह मार्गदर्शक) सहित महिला समूह की सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Post