कोंडागांव, 12 सितंबर 2025: महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। कोंडागांव जिले के मर्दापाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव के आश्रित ग्राम पदेली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में करंट लगने से ढाई साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना करीब 11 बजे दिन की है, जब बच्ची रोज़ की तरह आंगनबाड़ी केंद्र गई थी।
मृतक बच्ची के पिता अंतुराम यादव ने बताया कि उनकी बेटी नियमित रूप से आंगनबाड़ी जाया करती थी। लेकिन घटना के दिन न तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद थीं और न ही अन्य बच्चे। कुछ देर बाद उनका बेटा दौड़ते हुए आया और बताया कि बहन को करंट लग गया है। परिवार तत्काल केंद्र पहुंचा, लेकिन तब तक बच्ची की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आंगनबाड़ी के लोहे के गेट में करंट प्रवाहित हो रहा था। यही करंट बच्ची की मौत का कारण बना। यह घटना विभागीय लापरवाही और सुरक्षा उपायों की कमी की ओर इशारा करती है।
जानकारी के मुताबिक हादसे की सूचना पर पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मर्दापाल भेजा गया। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वे दोपहर 3 बजे अस्पताल पहुंच गए थे, लेकिन शाम तक कोई डॉक्टर पोस्टमार्टम के लिए नहीं आया। इस दौरान परिवार को घंटों तक इंतजार करना पड़ा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं स्थानीय प्रशासन और विभाग से उचित मुआवजा और दोस्तों कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
