कोंडागांव, 24 सितंबर 2025: दंतेश्वरी माता के दर्शन के लिए पैदल यात्रा कर रही श्रद्धालुओं की टोली में शामिल एक आदिवासी युवती की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हृदय विदारक हादसा बीते मंगलवार को दहिकोंगा के पास NH-30 पर हुआ, जहां एक लापरवाह ट्रैक्टर चालक ने महिला श्रद्धालुओं को पीछे से रौंद दिया। इस हादसे में कांटागांव निवासी 25 वर्षीय महादई नेताम की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
महादई नेताम कोंडागांव जिले के माकड़ी ब्लॉक अंतर्गत कांटागांव की निवासी थीं। वह अपने परिवार की सबसे बड़ी संतान थीं और पिता के निधन के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। घर में वृद्ध मां के साथ तीन छोटी बहनें और एक छोटा भाई है। महादई की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और उनके भविष्य को लेकर गहरी चिंता जताई जा रही है।

बुधवार को जिला अस्पताल में महादई नेताम का पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान उनके मामा बंधुलाल मरकाम और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने और लापरवाह ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि महादई जैसी जिम्मेदार बेटियों की जान इस तरह सड़कों पर नहीं जानी चाहिए।

ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, बच्चों की शिक्षा एवं भरण-पोषण की सरकारी योजना से जोड़ा जाए, ताकि महादई की छोटी बहनों और भाई का भविष्य सुरक्षित रह सके।
यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि एक परिवार की उम्मीदों का टूट जाना है। प्रशासन से अपील है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
