कोंडागांव, 14 जुलाई 2026 | कोंडागांव जिले में हाल के दिनों में यात्री बसों से जुड़ी सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाकर बसों, भारी वाहनों और बिना नंबर वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस की टीम ने बिना परमिट संचालित वाहनों, बसों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 33 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 20,300 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

इस दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
