मसोरा हाई स्कूल में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, छात्राओं ने पूर्व सैनिकों को बांधा रक्षा सूत्र

कोंडागांव, 10 अगस्त। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मसोरा में 8 अगस्त को पूर्व सैनिक सम्मान समारोह एवं रक्षा सूत्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के पदाधिकारी एवं सदस्य मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में शामिल हुए।

Uploaded Image

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, कठिन परिश्रम, राष्ट्र सेवा और जिम्मेदार नागरिक बनने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सेना में करियर बनाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रेरणादायी संबोधन के बाद पूरा विद्यालय परिसर भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।

Uploaded Image

इस दौरान छात्राओं ने देश की सुरक्षा में अपना योगदान दे चुके पूर्व सैनिकों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। पूर्व सैनिकों ने भी विद्यार्थियों को देश सेवा, समाज कल्याण और राष्ट्रहित के कार्यों में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।

 

कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रशासन एवं शिक्षकों ने पूर्व सैनिकों की उपस्थिति और उनके प्रेरणादायी संदेश के लिए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की टीम का आभार जताया।

 

इस अवसर पर परिषद के उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सहसचिव रवि ठाकुर, सदस्य रतिराम सोरी, श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर, सेवारत सैनिक टंकेश्वर सेन, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Post