कोण्डागांव, 12 जनवरी 2026 | स्वामी विवेकानंद जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा सोमवार सुबह 8 बजे कोण्डागांव में स्वदेशी संकल्प दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी तथा नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल उपस्थित रहे।
स्वदेशी संकल्प दौड़ की शुरुआत एनसीसी ग्राउंड से हुई, जो रेस्ट हाउस, मेन रोड, राम मंदिर के सामने से मंडी रोड, संत सेवालाल चौक होते हुए पुनः एनसीसी ग्राउंड में संपन्न हुई। दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
पुरुष वर्ग में प्रदीप कुमार ने प्रथम, संजय कोर्राम ने द्वितीय एवं मनजीत मरकाम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में पार्वती नेताम प्रथम, जा कोर्राम द्वितीय तथा अमृता कोर्राम तृतीय स्थान पर रहीं। विधायक लता उसेंडी द्वारा 10वें स्थान तक के प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विधायक एवं भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने युवाओं को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणास्रोत रहे हैं। यदि हर घर में स्वदेशी वस्तुओं का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए तो देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में मजबूती मिलेगी। वहीं नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि युवा पीढ़ी पढ़ाई के साथ-साथ क्षेत्र की पारंपरिक शिल्पकला में भी आगे बढ़े, ताकि कोण्डागांव का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो सके।
भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नागेश देवांगन ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ खेलकूद और व्यायाम को भी जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, जिससे मानसिक और शारीरिक विकास हो। साथ ही उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने और विदेशी सामान से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनोज जैन, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सुराना, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलवंत चहल, दयाराम पटेल, प्रदीप नाग, अशोक ब्रम्ह, पार्षद सुमन शुक्ला, संतोष पात्रे, संतोष सिंह और अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिलाध्यक्ष सूरज यादव, श्रीकांत तिवारी सहित खेल विभाग के अधिकारी, प्रतियोगी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।।
