भारतीय रेलवे द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के तहत बिलासपुर में स्वच्छोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वेस्ट मटेरियल से तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी और बिक्री ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
बीसीएन डिपो परिसर में कबाड़ सामग्री का उपयोग कर कर्मचारियों और रेलवे विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता को मूर्त रूप दिया। प्रदर्शनी में सजावटी सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएँ और कलात्मक डिज़ाइन प्रदर्शित की गईं। बच्चों की नवाचारपूर्ण प्रस्तुतियों और कर्मचारियों के योगदान को देखकर आगंतुकों ने सराहना की और कलाकृतियों को खरीदा भी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस तरह की पहल न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देती है, बल्कि पर्यावरण जागरूकता और रचनात्मक सोच को भी प्रोत्साहित करती है।
स्वच्छता अभियान के तहत 24 सितम्बर को “डोर टू डोर” कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
