रोल पर्यवेक्षक ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक ली
प्रतापगढ़, 8 जनवरी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा बैठक गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में रोल पर्यवेक्षक एवं संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि समस्त आवश्यक जानकारी समय-समय पर सभी हितधारकों के साथ साझा की जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यक वेबसाइट लिंक भी साझा किए जाएं, ताकि हितधारक स्वयं ड्राफ्ट सूची का अवलोकन कर सकें। एसआईआर का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने बताया कि समय-समय पर बैठकों एवं विभिन्न माध्यमों से जानकारी साझा की जा रही है। उन्होंने यूथ वोटर्स एवं फॉर्म संख्या-6 के संबंध में जानकारी दी तथा कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जा रही है। जिला कलक्टर ने बताया कि जिला स्तर पर स्वीप टीम तथा कॉलेज एवं स्कूल स्तर पर ईएलसी (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) गठित किए गए हैं, जिनके माध्यम से निरंतर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी इन गतिविधियों का नियमित अपडेट किया जा रहा है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने एसआईआर के अंतर्गत ड्राफ्ट सूची में जिन मतदाताओं की वर्ष 2002 की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो पाई, उनका डाटा साझा करते हुए बताया कि ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी कर समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा है।
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा अपनी जिज्ञासाएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिनका अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया। बैठक में इंडियन नेशनल कांग्रेस से मोहित भावसार, भारत आदिवासी पार्टी से मुकेश बरोड, भारतीय जनता पार्टी से प्रवीण राठौर, बहुजन समाज पार्टी से कमल मीणा, ईआरओ प्रतापगढ़ अश्विनी मालू, ईआरओ धरियावद विनीत सुखाड़िया, एईआरओ प्रतापगढ़ रामेश्वर रैगर तथा एईआरओ धरियावद संदीप जैन उपस्थित रहे।
