जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हुआ सड़क सुरक्षा पोस्टर का विमोचन

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हुआ सड़क सुरक्षा पोस्टर का विमोचन

 

प्रतापगढ़ जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। 

 

बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा अभियान की प्रगति, विभागवार दायित्वों और जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई। सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला कलेक्टर ने सभी सरकारी कार्यालयों में “नो हेलमेट/सीट बेल्ट – नो एंट्री” व्यवस्था को सख्ती से लागू करने तथा कार्यालय परिसरों में इससे जुड़े पोस्टर लगाने के निर्देश दिए।

 

बैठक में निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों में बिना हेलमेट/सीट बेल्ट किसी भी वाहन चालक को प्रवेश न दिया जाए, सभी विभाग अपने परिसरों के प्रवेश द्वार पर स्पष्ट और दृश्यमान “नो हेलमेट/नो सीट बेल्ट – नो एंट्री” पोस्टर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें, यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों पर हेलमेट, सीट बेल्ट, तेज गति और गलत दिशा में वाहन चलाने पर विशेष निगरानी रखी जाए।

 

साथ ही परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों, बस एवं टैक्सी ऑपरेटर्स के लिए जागरूकता कार्यशालाएँ आयोजित करने, सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सड़क संकेतक, मार्किंग, स्ट्रीट लाइट और ब्लाइंड स्पॉट सुधार कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने, स्वास्थ्य विभाग द्वारा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए एम्बुलेंस सेवाओं की उपलब्धता और समन्वय सुनिश्चित करने, स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों के लिए यातायात जागरूकता कार्यक्रम, प्रतिज्ञा, पोस्टर प्रतियोगिता एवं रैलियाँ आयोजित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि सभी विभाग प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला कलेक्टर कार्यालय को प्रेषित करें।

 

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्वत सिंह चुंडावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता हुक्म चंद जी, आयुक्त नगर परिषद जितेंद्र मीणा, परिवहन निरीक्षक दुर्गा शंकर जाट, यातायात प्रभारी सहित संबंधित हितधारक विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post