रायगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने बुधवार को बोईरदादर स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने प्रदर्शन कर विद्यालय के हाउसों के नाम भारतीय महापुरुषों के नाम पर रखने की मांग की। संगठन के कार्यकर्ताओं ने धरना देकर नारेबाजी की और जिला शिक्षा अधिकारी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
एबीवीपी का कहना है कि विद्यालय में वर्तमान में हाउसों के नाम विदेशी मिशनरियों के नाम पर रखे गए हैं। संगठन का तर्क है कि स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और आदर्श मूल्यों के विकास का माध्यम भी होता है। ऐसे में हाउसों का नाम भारतीय महापुरुषों के नाम पर होना चाहिए ताकि विद्यार्थियों को देश के इतिहास और महान विभूतियों से प्रेरणा मिल सके।
मुख्य गेट पर धरना, पुलिस और प्रशासन पहुंचा
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता स्कूल के मुख्य गेट के सामने बैठ गए और अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। एहतियात के तौर पर स्कूल प्रबंधन ने विद्यालय के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए।
तीन दिन का अल्टीमेटम
एबीवीपी के जिला संयोजक शिवम मिश्रा ने आरोप लगाया कि विद्यालय में लंबे समय से मिशनरी विचारधारा से जुड़े विषय पढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहा है। यदि तीन दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रशासन ने जांच का दिया भरोसा
तहसीलदार शिव कुमार डनसेना ने बताया कि एबीवीपी द्वारा स्कूल प्रबंधन, प्रार्थना व्यवस्था तथा अन्य गतिविधियों को लेकर शिकायत प्रस्तुत की गई है। आवेदन को नियमानुसार स्वीकार कर जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
