कोंडागांव, 1 नवंबर 2025। महात्मा गांधी वार्ड स्थित पीएम श्री स्कूल मैदान में प्रस्तावित कोर्ट भवन निर्माण को लेकर जारी विवाद अब सकारात्मक दिशा में बढ़ता दिख रहा है। शनिवार सुबह शासन-प्रशासन की पहल पर विकासनगर स्टेडियम ग्राउंड में वार्डवासियों, जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी, थाना प्रभारी, पीडब्ल्यूडी अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल सहित दोनों वार्डों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। बैठक का संचालन सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ और सभी पक्षों ने अपने विचार रखे।

प्रशासन ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव और देवउठनी पर्व को देखते हुए आंदोलन को फिलहाल विराम देने का आग्रह किया, जिसे समिति और वार्डवासियों ने स्वीकार कर लिया। बैठक में यह सहमति बनी कि आगामी एक सप्ताह बाद शासन-प्रशासन, समिति और वार्डवासियों के बीच पुनः बैठक आयोजित की जाएगी।

तब तक कोर्ट भवन निर्माण से संबंधित सभी कार्यों को अस्थायी रूप से रोका जाएगा और मैदान में खुदाई किए गए गड्ढों को पाटने की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी निर्णय हुआ कि अगली बैठक सार्वजनिक और खुली होगी, जिसमें सभी वार्डवासी उपस्थित रह सकेंगे।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अब तक किए गए आंदोलन और प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है, जिससे प्रशासन कोर्ट भवन निर्माण से जुड़ी कई बातों पर पुनर्विचार कर रहा है।
ज्ञात हो कि महात्मा गांधी वार्ड के पीएम श्री स्कूल मैदान में कोर्ट भवन निर्माण का विरोध वार्डवासी लगातार कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह मैदान स्कूल और छात्रावास के सामने स्थित वार्ड का एकमात्र खेल मैदान है, जहां बच्चे और युवा खेल गतिविधियों में भाग लेते हैं। भवन निर्माण से उनके खेल भविष्य पर संकट मंडरा रहा है।

इसी विरोध के चलते आज सुबह भवन निर्माण के लिए किए गए सभी गड्ढों को ठेकेदार द्वारा पुनः पाटा गया, जिससे वार्डवासियों ने राहत की सांस ली है।
