नामांकन के आखिरी दिन गरमाई राजनीति, शिवनंदनपुर में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

Anp news live सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बने शिवनंदनपुर में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराया। इस दौरान दोनों पार्टियों ने बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ रैली निकालकर चुनावी ताकत दिखाने का प्रयास किया।

भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भुलन सिंह मरावी सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। भाजपा समर्थकों ने रैली और नारों के जरिए माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया।

वहीं कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजय सोनी ने पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह और पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े सहित कई कांग्रेस नेताओं के साथ नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ ने भी अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।

इस मौके पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दावा करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है और शिवनंदनपुर में भी भाजपा की जीत तय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” संकल्प के साथ नगर पंचायत का विकास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह की बगावत से इनकार करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशियों को जिताने में जुटे हैं।

भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने कहा कि नगर पंचायत में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क, पानी और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए व्यवस्थित दुकानें उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।

दूसरी ओर कांग्रेस की नव नियुक्त जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि हजारों ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के समर्थन के साथ नामांकन दाखिल किया गया है। उन्होंने भाजपा को चुनौती मानने से इनकार करते हुए कांग्रेस की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और कहीं कोई गुटबाजी नहीं है।

कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी ने भी विकास को अपना मुख्य मुद्दा बताते हुए कहा कि जनता का अपार समर्थन कांग्रेस के साथ दिखाई दे रहा है और आने वाले चुनाव परिणाम में इसका असर साफ नजर आएगा।

फिलहाल नामांकन के आखिरी दिन दोनों दलों ने शक्ति प्रदर्शन के जरिए अपनी चुनावी ताकत दिखा दी है। अब 4 जून को आने वाले परिणाम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत का पहला निर्वाचित अध्यक्ष कौन बनेगा।

Related Post