गरीबों के सपनों को पंख देने वाली प्रधानमंत्री आवास योजना ने कोरबा जिले के बृजमोहन खैरवार की जिंदगी बदल दी है। कभी झोपड़ी में जीवन बिताने वाले बृजमोहन और उनकी पत्नी इन्जोरा बाई आज अपने पक्के मकान में परिवार संग खुशहाल जीवन बिता रहे हैं।
झोपड़ी से पक्के घर तक का सफर
ग्राम जटगा, विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा निवासी बृजमोहन खैरवार का कहना है कि वह वर्षों से कच्चे मकान में रहते थे। हर बारिश में झोपड़ी टपकती, दीवारें टूटतीं और उन्हें बार-बार मरम्मत पर पैसे खर्च करने पड़ते। परिवार के साथ पक्का घर बनाने की इच्छा तो थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण सपना अधूरा ही रह जाता था।
पीएम आवास योजना में नाम आने के बाद उन्हें सरकारी सहायता राशि मिली। कुछ पैसे का इंतजाम कर उन्होंने अपना पक्का मकान बनवा लिया। अब वह पत्नी और बच्चों के साथ सुरक्षित व सुकूनभरी जिंदगी बिता रहे हैं।
बृजमोहन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा —
पक्का मकान के बारे में कभी सोचा ही नहीं था, लेकिन अब जब बन गया तो लगता है कि अपना भी घर है। यह प्रधानमंत्री आवास योजना की वजह से संभव हुआ। उन्होंने बताया कि फिलहाल मकान में केवल प्लास्टर का काम बचा है, जिसे आने वाले दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
बृजमोहन और उनका परिवार प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि योजना से उन्हें नया जीवन मिला है।
