कोंडागाँव, 19 अक्टूबर 2025 — दीपावली के पावन पर्व पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागाँव के तत्वावधान में एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश डे के मार्गदर्शन में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में पूर्व सैनिकों के साथ-साथ निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 90 युवक-युवतियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।
स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आडकाछेपड़ा पारा स्थित दुर्गाबाड़ी मंदिर एवं डी.एन.के. कॉलोनी स्थित कालीबाड़ी मंदिर के प्रांगण की साफ-सफाई की गई। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर मंदिर परिसरों में झाड़ू लगाई और गंदगी हटाकर स्वच्छ वातावरण की पहल की।

पूर्व सैनिकों द्वारा न केवल युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है, बल्कि उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी निरंतर प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान "स्वच्छ भारत - सुंदर भारत", "स्वच्छ कोंडागाँव - सुंदर कोंडागाँव", "स्वच्छता मिशन में मेरी भागीदारी - मेरा शहर मेरी जिम्मेदारी" और "भारत माता की जय" जैसे नारे लगाकर उत्साह बढ़ाया गया।

इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश डे, परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिलाध्यक्ष सूरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, पूर्व सैनिक ढालेश साहू व चन्द्रहास वर्मा, नगरपालिका प्रतिनिधि संतोष साहू एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पूर्व सैनिकों और युवाओं की इस सहभागिता ने स्वच्छता अभियान को नई ऊर्जा दी और समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश फैलाया।
