मंत्री रामविचार नेताम ने किया मक्का प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण, इथेनॉल संयंत्र को जल्द शुरू करने के दिए निर्देश

कोंडागांव, 01 अगस्त 2025 – राज्य के आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम ने अपने कोंडागांव दौरे के दौरान ग्राम कोकड़ी स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति मर्यादित का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां स्थापित मक्का आधारित इथेनॉल निर्माण संयंत्र की प्रगति का जायजा लिया और इसे जल्द से जल्द पूरी क्षमता के साथ प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

 

स्थानीय किसानों को मिलेगा मक्का का उचित मूल्य

 

मंत्री नेताम ने कहा कि इस संयंत्र के शुरू होने से न केवल क्षेत्र के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने इथेनॉल निर्माण की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी ली और प्रसंस्करण, संग्रहण एवं विपणन की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

 

ट्रायल चरण में चल रहा संयंत्र

 

मक्का से इथेनॉल निर्माण करने वाला यह संयंत्र फिलहाल ट्रायल चरण में है। मंत्री नेताम ने इसकी गति तेज करने और तकनीकी सुधारों को जल्द पूरा कर संयंत्र को पूर्ण रूप से प्रारंभ करने पर बल दिया।

 

विभागीय योजनाओं की समीक्षा भी की

 

इससे पहले मंत्री नेताम ने नारायणपुर, कोंडागांव एवं बस्तर जिले के आदिवासी विकास, कृषि तथा उद्यानिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता यह है कि आदिवासी अंचलों में संचालित योजनाएं जमीनी स्तर तक वास्तविक लाभ पहुंचाएं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।

 

उपस्थित रहे जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी

 

इस अवसर पर बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत के सीईओ अविनाश भोई, संयंत्र के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास खन्ना, महाप्रबंधक सत्यनारायण शुक्ला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और समिति सदस्य उपस्थित रहे।

 

Related Post