भारतीय रेलवे द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 के अंतर्गत बिलासपुर मंडल में स्वच्छता जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने के लिए विशेष पहल की गई। इस क्रम में रेलवे कॉलोनियों में डोर टू डोर जागरूकता अभियान चलाकर कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया।
अभियान के तहत रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने घर-घर जाकर स्वच्छता से जुड़ी अहम बातें साझा कीं। इनमें कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक का उपयोग कम करना, रीसाइक्लिंग की आदत विकसित करना और व्यक्तिगत स्वच्छता पर जोर दिया गया। कॉलोनीवासियों से अपील की गई कि वे कूड़ा हमेशा कूड़ेदान में डालें और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखें।

रेलवे मंडल द्वारा स्टेशन परिसरों, कार्यालयों और ट्रेनों में भी लगातार सफाई अभियान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्लेटफार्म और पटरियों पर श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके।
अभियान के अगले चरण में 25 सितम्बर को बिलासपुर स्टेशन पर एक दिन, एक घंटा, एक साथ थीम के तहत सामुदायिक श्रमदान का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण भाग लेंगे।
