महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब ई-केवाईसी की प्रक्रिया को और अधिक सरल और सुलभ बनाते हुए शासन ने जिलेभर में सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) केंद्रों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई है। यह व्यवस्था 30 जून 2026 तक लागू रहेगी।
प्रशासन के निर्देशानुसार जिले के चिन्हांकित सीएससी केंद्रों में व्हीएलई (Village Level Entrepreneur) और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिलकर हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य कर रहे हैं। इसके लिए सभी केंद्रों में लैपटॉप और बायोमेट्रिक डिवाइस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे प्रक्रिया तेज और पारदर्शी हो सके।
योजना के तहत कार्य कर रहे सीएससी-व्हीएलई को प्रत्येक सफल ई-केवाईसी पर ₹9.84 का कमीशन सीधे उनके बैंक खाते में सीएससी-एसपीवी कार्यालय रायपुर के माध्यम से दिया जाएगा। इससे सेवा प्रदाताओं को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
हितग्राही अपने आधार कार्ड और महतारी वंदन योजना पंजीयन आईडी के साथ नजदीकी सीएससी केंद्र पर जाकर आसानी से ई-केवाईसी करवा सकते हैं। खास बात यह है कि इस प्रक्रिया के लिए किसी भी प्रकार के दस्तावेज़ की फोटोकॉपी या प्रिंटआउट जमा करने की आवश्यकता नहीं है।
यदि किसी हितग्राही को अपनी योजना आईडी की जानकारी नहीं है, तो वे अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं। वहीं, योजना से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए निर्धारित हेल्पलाइन नंबर 8085190563 या 7828183048 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना ई-केवाईसी पूर्ण कर लें, ताकि योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।
